फेक कॉल के जाल में फंसे डिस्पेंसरी संचालक, तीन बार में लुट गए ₹21,023


बलिया। नगर पंचायत बिल्थरारोड क्षेत्र के वार्ड नंबर 7 में एक चौंकाने वाली साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ग्राम पडरी, पोस्ट कुंडैल निवासी मुहम्मद क्यूम सिद्दीकी, जो स्थानीय स्तर पर एक डिस्पेंसरी का संचालन करते हैं, रविवार की दोपहर साइबर ठगों के शिकार बन गए।

पीड़ित के अनुसार, रविवार को दिन में करीब 12 बजे उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को उनका परिचित बताकर भरोसा जीत लिया और भावनात्मक तरीके से बताया कि वह किसी जरूरतमंद मरीज की मदद के लिए उनके खाते में ₹25,000 भेज रहा है। इसके बाद उसने एक और नंबर दिया और आग्रह किया कि वह राशि उस नंबर पर भेज दी जाए, जिससे मरीज़ की मदद हो सके।

मुहम्मद क्यूम सिद्दीकी ने बिना खाते का बैलेंस चेक किए एक फर्जी क्रेडिट मैसेज पर विश्वास कर लिया। झूठे भरोसे में आकर उन्होंने उस दिए गए नंबर पर तीन बार में ₹8,523, ₹9,417 और ₹3,083 कुल मिलाकर ₹21,023 ट्रांसफर कर दिए। पैसे भेजने के बाद जब उन्हें ठगी का एहसास हुआ, तो उनके होश उड़ गए।

घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। साथ ही पूरे प्रकरण की लिखित शिकायत स्थानीय थाने में भी दी जा रही है।

स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में इस घटना को लेकर चिंता का माहौल है। इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। पुलिस प्रशासन से मांग की जा रही है कि मामले की गहन जांच कर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए।


सावधानी ही बचाव है:

  • किसी भी अनजान कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें।
  • बैंक ट्रांजैक्शन से पहले स्वयं बैलेंस चेक करें।
  • साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल 1930 पर कॉल कर सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *