बलिया पहुंचे डिप्टी सीएम बृजेश पाठक: हॉस्पिटलों की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश, सपा पर जमकर बोला हमला

बलिया: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने बलिया के रसड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर साफ निर्देश दिए कि अस्पतालों में साफ-सफाई बनी रहनी चाहिए, दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित हो, और जहां-जहां डॉक्टरों के पद खाली हैं, उन्हें जल्द भरा जाए। इसके अलावा, उन्होंने बताया कि अस्पतालों में एक्स-रे मशीनें भी उपलब्ध कराई जाएंगी और आरोग्य केंद्रों की सुविधाएं मजबूत की जाएंगी।

साफ-सफाई और मूलभूत स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान बृजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी पर भी करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल में सबसे ज्यादा अत्याचार दलितों पर हुए। 2 जून का गेस्ट हाउस कांड इसका बड़ा उदाहरण है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सपा शासन में अधिकारियों का डिमोशन किया गया और कई बार बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की मूर्तियों को क्षतिग्रस्त किया गया, जो अत्यंत निंदनीय है।

डिप्टी सीएम का यह दौरा स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी के साथ-साथ राजनीतिक संदेश देने वाला भी रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *