अवैध अस्पतालों पर कार्रवाई की मांग, तहसील दिवस में सौंपा गया शिकायती पत्र !

बिल्थरारोड। क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित हो रहे प्राइवेट अस्पतालों, पैथोलॉजी व मेडिकल स्टोर्स को लेकर वार्ड नंबर 29 के जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अरुण कुमार संगम ने शनिवार को तहसील दिवस के अवसर पर उपजिलाधिकारी बिल्थरारोड (न्यायिक) को शिकायती पत्र सौंपते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।

शिकायती पत्र में अरुण संगम ने उल्लेख किया कि नगरा क्षेत्र में अवैध रूप से चल रहे एक अस्पताल में हाल ही में जच्चा-बच्चा की मौत हो गई, बावजूद इसके विभाग कुंभकर्णी निद्रा में सोया हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे अवैध अस्पतालों, पैथोलॉजी और मेडिकल स्टोर्स की समय रहते जांच कर कार्रवाई नहीं की गई, तो इस प्रकार की घटनाएं भविष्य में भी घटती रहेंगी।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिन अधिकारियों और कर्मचारियों के संरक्षण में ये अवैध संस्थान संचालित हो रहे हैं, उनकी भूमिका की भी जांच कर कठोर कार्रवाई की जाए। अरुण संगम ने कहा कि जनहित से जुड़ा यह गंभीर मामला तत्काल संज्ञान में लेकर विभाग को सख्ती दिखानी चाहिए, ताकि लोगों की जान से खिलवाड़ करने वालों पर लगाम लग सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *