अनुसूचित जनजाति का प्रमाणपत्र जारी नही होने पर अखिल भारतवर्षीय गोंड महासभा तहसील में धरने पर बैठा

बिल्थरारोड । अखिल भारतवर्षीय गोंड महासभा द्वारा तहसील प्रशासन द्वारा गोंड जाति को जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं किए जाने को लेकर मंगलवार से बेमियादी धरना शुरू कर दिया। महासभा का कहना है कि जिले के अन्य तहसीलों में गोंड को जाति प्रमाण पत्र जारी किया जा रहा है, लेकिन बिल्थरारोड में तहसील प्रशासन द्वारा जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं किया जा रहा है। धरना स्थल पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप शासनादेश के क्रम में डीएम ने जिले के समस्त तहसीलदार को गोंड को जाति प्रमाण पत्र जारी करने का आदेश जारी किया। वक्ताओं का कहना है कि डीएम के आदेश के क्रम में जिले के अन्य तहसीलों में प्रमाण पत्र जारी किया जा रहा है, लेकिन बिल्थरारोड तहसील में गोंड जाति के लोगों को जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं किया जा रहा है। इससे गोंड जाति के लोग सरकारी सुविधाओं के लाभ से वंचित हो रहे हैं। धरने में मौजूद लोगों ने निर्णायक संघर्ष का शंखनाद करते हुए मांगे पूर्ण हो जाने तक आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर मृदंगी लाल गोंड, हरिहर प्रसाद, सर्वजीत कुमार, प्रदीप कुमार गोंड, रघुनाथ, श्रीकांत, सोनू, अनिरुद्ध, प्रेमचंद, हीरालाल आदि मौजूद रहे।
