भारत पेट्रोल पंप के पास हादसा टला, मोटरसाइकिल सवार बाल-बाल बचा !
बिल्थरारोड /चौधरी चरण सिंह तिराहा से चौकिया मोड़ की ओर जाने वाले मार्ग पर बुधवार दोपहर करीब दो बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। भारत पेट्रोलियम के सामने सड़क किनारे एक ट्रक से बालू उतारकर ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादा जा रहा था तभी असंतुलित होकर ट्रैक्टर की ट्रॉली पलट गई और सड़क किनारे खड़ी एक मोटरसाइकिल पर जा गिरी। गनीमत रही कि मोटरसाइकिल सवार युवक उस वक्त बाइक से उतरकर पास की दुकान से कुछ खरीदारी करने गया था, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई। लेकिन ट्रॉली की चपेट में आकर मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क के किनारे इंटरलॉकिंग न होने की वजह से ट्रैक्टर का पहिया ढलान में फिसल गया, जिससे ट्रॉली पलट गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर नाराज़गी जताते हुए कहा कि अगर सड़क के दोनों किनारों पर इंटरलॉकिंग बनी होती, तो यह हादसा टाला जा सकता था। क्षेत्रीय लोगों ने मांग की है कि संबंधित विभाग तुरंत कार्रवाई करते हुए सड़क के किनारे इंटरलॉकिंग का निर्माण कराए, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।



