डिजिटल क्राप सर्वे से पृथक किए जाने की मांग, पंचायत सहायकों ने सौंपा ज्ञापन
बिल्थरारोड /सीयर। एग्रीस्टैक डिजिटल क्राप सर्वे कराए जाने के विरोध में पंचायत सहायकों ने गुरुवार को खंड विकास अधिकारी फैसल आलम को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने सर्वे कार्य से अलग किए जाने की मांग उठाई।


पंचायत सहायकों ने कहा कि शासनादेश के अनुसार खरीफ 2025 से ई-खसरा पड़ताल (डीसीएस) अंतर्गत डिजिटल क्राप सर्वे लेखपालों के बजाय प्राइवेट सर्वेयरों से कराया जाएगा। कृषि विभाग ही सर्वेयरों का चयन, मानदेय व प्रोत्साहन राशि की व्यवस्था करेगा। ऐसे में पंचायत सहायकों पर इस कार्य का बोझ डालना अनुचित है।
सहायकों ने कहा कि पंचायत सचिवालय का संचालन पहले से ही पंचायत सहायकों के भरोसे है। फील्ड में जाने पर सचिवालय का काम प्रभावित होगा। साथ ही उनके पास न तो तकनीकी संसाधन हैं और न ही उच्च गुणवत्ता वाले मोबाइल फोन।
यूनियन अध्यक्ष बोले— कृषि विभाग का काम पंचायत सहायकों पर न थोपा जाए
सीयर। पंचायत सहायक यूनियन सीयर के अध्यक्ष राजन साहू ने कहा कि एग्रीस्टैक डिजिटल क्राप सर्वे पूरी तरह कृषि विभाग का कार्य है। इसे पंचायतीराज विभाग की नियमित कार्यसूची में शामिल करना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रति गाटा या प्रति प्लाट के हिसाब से जो मानदेय प्रस्तावित है, वह अत्यंत अल्प है। यदि पंचायत सहायकों से कृषि विभाग का कार्य लिया जाना है तो उच्च गुणवत्ता वाले मोबाइल फोन उपलब्ध कराए जाएं और प्रोत्साहन राशि के बजाय सम्मानजनक मानदेय दिया जाए।
इस मौके पर विशाल प्रजापति, दिनेश यादव, अर्चना, रोशनी, शिम्पी, पूजा, मयंक, सुशील, प्रियांशी, अमृता, वर्षा, रेनू, प्रियंका, श्वेता, सुरुचि, रविन्द्र, अनुराग किशन, आशीष, गौरव, किरन, पिंकी, अंकिता, शशिकला, हेमा, अभिषेक सहित बड़ी संख्या में पंचायत सहायक मौजूद रहे।
