बिल्थरा रोड तहसील अधिवक्ता एसोसिएशन के नेतृत्व में ग्राम न्यायालय की स्थापना की मांग को लेकर बेमियादी धरना प्रदर्शन शुरू


बिल्थरारोड / तहसील अधिवक्ता एसोसिएशन ने ग्राम न्यायालय की स्थापना की मांग को लेकर न्यायिक कार्य से विरत हो मंगलवार से बेमियादी धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। धरना स्थल पर आयोजित सभा में अधिवक्ताओं ने निर्णायक संघर्ष का शंखनाद करते हुए न्यायालय स्थापना हो जाने तक आंदोलन जारी रखने का संकल्प जताया। सभा को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के अध्यक्ष सरफराज अहमद ने कहा कि सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में सस्ता व त्वरित न्याय सुलभ कराने के लिए बिल्थरारोड में ग्राम न्यायालय की स्थापना की स्वीकृति प्रदान की, जो अत्यंत सराहनीय है। ग्राम न्यायालय के लिए तहसील के ऊपरी तल पर कक्ष आदि का निर्माण पूर्ण हो चुका है, लेकिन आश्चर्य है कि दीवानी न्यायालय बलिया के अधिवक्ताओं द्वारा इसका अनावश्यक रूप से विरोध किया जा रहा है। जबकि बिल्थरारोड क्षेत्र से 60 से 80 किलोमीटर की दूरी तय करते यहां के लोग न्यायालय संबंधी कार्यों के लिए जिला मुख्यालय जाते हैं। ऐसे में बिल्थरारोड में ग्राम न्यायालय की स्थापना जनहित में सर्वथा उचित है। उन्होंने ग्राम न्यायालय स्थापना को लेकर दीवानी न्यायालय के अधिवक्ताओं के विरोध को गलत ठहराते हुए इसकी निंदा की। साथ ही न्यायालय स्थापना की मांग पूरी होने तक धरना प्रदर्शन जारी रखने का संकल्प जताया। इस मौके पर राशिद कमाल पाशा, महेंद्र यादव,अरूण श्रीवास्तव, अमरजीत सिंह, अनिल यादव, अतुल प्रकाश यादव, लक्ष्मीनारायण मिश्र, अहमद रजा ,राशिद अली, कलिंदर यादव, संजय यादव आदि मौजूद रहे।
