उड़ीसा के राउरकेला में बलिया के युवक की चाकू गोदकर हत्या, गांव में पसरा मातम!


बलिया। उड़ीसा के राउरकेला में होटल पर काम करने वाले बलिया जनपद के उभांव थाना क्षेत्र अंतर्गत मालीपुर निवासी 22 वर्षीय अविनाश यादव की बदमाशों ने चाकू गोदकर निर्मम हत्या कर दी। यह दर्दनाक घटना 6 फरवरी की रात उस समय हुई, जब अविनाश होटल से काम खत्म कर अपने कमरे की ओर जा रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रविवार सुबह जब अविनाश का शव गांव पहुंचा तो पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े।
इसके बाद रविवार को तुर्तीपार स्थित सरयू घाट पर गमगीन माहौल में अविनाश यादव का अंतिम संस्कार किया गया।
घटना की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से शशि चौरसिया द्वारा क्षेत्र में साझा की गई, जिसके बाद लोगों को इस हृदयविदारक घटना का पता चला।
युवक की हत्या से क्षेत्र में आक्रोश और शोक का माहौल बना हुआ है। लोग दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
