बिल्थरा रोड में शराब ठेके से लाखों की चोरी, एक्जॉस्ट फैन तोड़कर घुसे चोर

बिल्थरा रोड /डीएवी इंटर कॉलेज रेलवे ढाला के पास स्थित देशी शराब की दुकान में रविवार की रात चोरों ने बड़ी चोरी को अंजाम देकर साढ़े चार लाख रुपये कैश उड़ा लिया। सुबह ठेका संचालक सुनील कुमार सिंह जब रोज की तरह दुकान खोलने पहुंचे, तो अंदर का नज़ारा देखकर हैरान रह गए—सामान बिखरा था और कैश बॉक्स टूटा पड़ा था।

जानकारी के मुताबिक, चोर देर रात दुकान के पिछवाड़े लगाए गए एक्जॉस्ट फैन को तोड़कर भीतर दाखिल हुए। अंदर घुसने के बाद उन्होंने कैश बॉक्स में रखी भारी रकम पर हाथ साफ किया और कैश बॉक्स को तोड़कर खाली कर पिछली ओर फेंकते हुए फरार हो गए।

सूचना मिलते ही सीयर पुलिस चौकी प्रभारी मुकेश कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। साथ ही साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाने की तैयारी चल रही है।

पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है। चोरी की इस घटना से स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *