बलिया: ससुराल में रह रहे युवक ने पत्नी की गला रेतकर की हत्या, कुएं में कूदकर दी जान देने की कोशिश !

बलिया। गड़वार थाना क्षेत्र के हजौली गांव में बुधवार दोपहर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। ससुराल में रह रहे युवक धनेश गुप्ता ने आपसी कहासुनी के बाद पत्नी पूजा गुप्ता (25) की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार होकर रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के पहाड़पुर गांव स्थित एक कुएं में कूद गया, जहां से पुलिस ने उसे बाहर निकालकर हिरासत में ले लिया।
मूल रूप से बनकटा, शहर कोतवाली का निवासी धनेश गुप्ता की शादी दो साल पहले पूजा गुप्ता से हुई थी। पूजा पिछले चार माह से मायके हजौली में रह रही थी और धनेश भी बीते एक सप्ताह से वहीं था। बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। शोर सुनकर परिजन पहुंचे लेकिन तब तक वह भाग चुका था।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका का एक दो माह का बच्चा भी है। आरोपी से पूछताछ जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
