गंगा में मिली तीन छात्रों की लाश, गांव में मचा कोहराम

बलिया। जिले के दोकटी थाना क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। गंगा नदी के जगदीशपुर घाट पर तीन नाबालिग छात्रों के शव उतराए मिले। शवों के मिलते ही मौके पर सैकड़ों ग्रामीण जमा हो गए और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मृतकों की पहचान सावनछपरा निवासी विनय गोंड़ (14) पुत्र राजन गोंड़, संदीप गोंड़ (15) पुत्र योगेंद्र गोंड़ और बेचनछपरा निवासी वसीम (15) के रूप में हुई है। तीनों किशोर गुरुवार की सुबह भोजापुर ट्यूशन पढ़ने की बात कहकर साइकिल से निकले थे, लेकिन शाम तक घर वापस नहीं लौटे।
परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद शाम करीब 6 बजे सूचना मिली कि जगदीशपुर गंगा घाट पर लावारिस हालत में तीन साइकिलें, कपड़े और बैग पड़े हैं। बैग में रखी कॉपियों पर नाम देख परिजनों को बुलाया गया। शुक्रवार सुबह गंगा में तीनों के शव मिलने के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोग आशंका जता रहे हैं कि तीनों नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए होंगे।
