पानी की मोटर में उतरे करंट से महिला की दर्दनाक मौत, गांव में मातम !
बिल्थरा रोड के नगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जमीन पड़सरा गांव में रविवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसे में महिला की करंट लगने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतका की पहचान आशा देवी (पत्नी लाल बहादुर चौहान) निवासी जमीन पड़सरा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर आशा देवी अपने घर पर बर्तन धो रही थीं। इसी दौरान पास में लगी पानी की मोटर में अचानक करंट प्रवाहित हो गया, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं।
परिजनों ने तत्काल घरेलू स्तर पर उपचार करने का प्रयास किया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने बताया कि घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और आमजन से अपील की है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए घरों में लगे विद्युत उपकरणों, विशेषकर पानी की मोटर और तारों की नियमित जांच कराई जाए तथा पूरी सावधानी बरती जाए।
