उमरगंज में बंद मकान से गिरकर 6 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत !

बिल्थरा रोड।
नगर पंचायत बिल्थरा रोड के उमरगंज वार्ड नंबर-10 में शुक्रवार दोपहर दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें 6 वर्षीय फैजान अंसारी की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

फैजान के पिता फैयाज अंसारी मूल रूप से शाहपुर अफगा के निवासी हैं और रोजगार के सिलसिले में विदेश में रहते हैं। परिवार उमरगंज में किराए के मकान में रह रहा है। फैजान तीन भाई-बहनों में बीच का था।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि फैजान अक्सर मोहल्ले में अकेले ही इधर-उधर खेलता रहता था। शुक्रवार को भी वह खेलते-खेलते पड़ोस के बंद ताले वाले मकान में पहुंच गया। यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है कि वह अंदर कैसे गया।

खेलते समय वह मकान की छत से नीचे गिर पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
करीब दोपहर 3 बजे, राहगीरों ने बच्चे को जमीन पर गिरा हुआ देखा और तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी।

स्थानीय लोगों व परिजनों की मदद से बच्चे को सीयर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मासूम की मौत की खबर से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर है।
परिजन बेसुध हैं। पिता को विदेश में सूचना दे दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *