बांसडीह में सड़क पर खड़ी गाड़ी को हटाने को लेकर हुआ बवाल, सभासद पर चली गोली, एक आरोपी गिरफ्तार
बलिया जिले के बांसडीह कस्बे में मंगलवार की शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब सड़क पर खड़ी एक कार को हटाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। वार्ड नं 8 के सभासद संदीप कुमार सिंह पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की गई।
सभासद संदीप कुमार सिंह ने बताया कि वह अपने खेत से ट्रैक्टर लेकर वार्ड नं 1 स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक कार खड़ी मिली। उन्होंने हार्न बजाकर रास्ता खाली करने को कहा। इसी पर कार सवार तीन युवक — विशेष तिवारी, नितिन तिवारी और चंचल तिवारी — नशे की हालत में कार से उतरे और गाली-गलौज करते हुए उन्हें दूसरा रास्ता पकड़ने को कहने लगे।
विवाद बढ़ने पर विशेष तिवारी ने कट्टा निकाल कर सभासद पर गोली चला दी। हालांकि संयोगवश फायर मिस हो गया और एक बड़ी अनहोनी टल गई। डरे-सहमे सभासद मौके से पीछे हट गए और घटना की सूचना पुलिस को दी।
कोतवाली प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि इस मामले में सभासद की तहरीर पर विशेष तिवारी, नितिन तिवारी और चंचल तिवारी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। विशेष तिवारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
