सेंट्रल पब्लिक स्कूल, परशुराम जानकी सरस्वती शिशु मन्दिर व चकिया गांव को जोड़ने वाला मार्ग के निर्माण के लिए उपजिलाधिकारी को दिया ज्ञापन
बिल्थरारोड। नगर के न्यू सेंट्रल पब्लिक स्कूल, परशुराम जानकी सरस्वती शिशु मन्दिर व चकिया गांव को जोड़ने वाला मार्ग लगभग डेढ़ दशक से जनप्रतिनिधियों व प्रशासन की उपेक्षा के चलते अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। पूरा मार्ग गढ्ढे में तब्दील हो गया है। जिसको लेकर शनिवार को सैकड़ों लोगों के हस्ताक्षर युक्त उपजिलाधिकारी को पत्रक दिया गया। लोगो का कहना है कि सड़क बने 17 साल हो गए हैं, लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा है। सड़क वर्षों से बदहाल है और रोजाना दुर्घटनाएं होती रहती हैं। स्कूल बस चालको द्वारा बच्चों को स्कूल ले जाते समय हमेशा दुर्घटना का भय बना रहता है। इस सड़क से मरीजो व गर्भवती महिलाओं को ले जाना भी खतरनाक हो गया है।परशुराम जानकी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य जय प्रकाश गिरी ने बताया कि वह पिछले चार साल से यहां हैं और सड़क की खराब स्थिति के चलते कई बच्चे घायल हो चुके हैं।चकिया गांव के ग्राम प्रधान विजय राजभर का कहना कि उन्होंने पूर्व सांसद रविंद्र कुशवाहा, वर्तमान विधायक हंसू राम के साथ-साथ शासन को भी सड़क की स्थिति के बारे में अवगत कराया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। वर्तमान सांसद रमाशंकर राजभर को भी इस समस्या के बारे में बताया गया है। इस खस्ताहाल मार्ग को लेकर अभिभावकों, छात्र छात्राओं,विद्यालय परिवार व ग्रामीणों में काफी रोष है। उपजिलाधिकारी को ज्ञापन देने में मुख्य रूप से डा० अमित सिंह, डा० आलोक गिरि, जयप्रकाश गिरि प्रधानाचार्य,रूपक कुमार आचार्य, पवन वर्मा, संजय श्रीवास्तव, हेमंत शुक्ला, राजेश गुप्ता आदि उपस्थिति रहे।इस बारे में उपजिलाधिकारी बेल्थरारोड निशांत उपाध्याय ने कहा कि मैं इस मुद्दे को लेकर पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से बात करूंगा और जल्द ही समाधान की दिशा में कदम उठाऊंगा।


