संविधान दिवस के उपलक्ष्य पर एमएमडी पब्लिक स्कूल ने निकाली जागरूकता रैली




बिल्थरारोड।संविधान दिवस के उपलक्ष्य पर एमएमडी पब्लिक स्कूल द्वारा मंगलवार को बेल्थरारोड नगर में भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में शामिल छात्रों ने शिक्षा और संविधान के प्रति जनमानस को जागरूक करते हुए जोरदार नारे लगाए। बुधवार को स्कूल परिसर में संदीपन कार्यक्रम अंतर्गत शैक्षणिक प्रदर्शनी और युवा संसद का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं।रैली की अगुवाई स्कूल के चेयरमैन प्रतीक राज सिंह ने की, जबकि प्रिंसिपल एसके मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं शिक्षिक-शिक्षिकाएं शामिल हुए। रैली स्कूल परिसर से प्रारंभ होकर तीनमुहानी, सोनाडीह मोड़, कुंडैल रेल क्रॉसिंग, रेलवे चौराहा, मुख्य मार्ग, पुलिस चौकी गली होते हुए रोडवेज से ससना बहादुरपुर गांव तक पहुंची। छात्रों ने “हमारा संविधान–हमारी पहचान” एवं “शिक्षा है विकास की कुंजी” जैसे प्रभावी नारों से राहगीरों का ध्यान आकर्षित किया।स्कूल प्रबंधन के अनुसार बुधवार को आयोजित होने वाली शैक्षणिक प्रदर्शनी में बच्चों की विज्ञान, कला, तकनीक एवं नवाचार से जुड़े मॉडल प्रदर्शित होंगे। वहीं युवा संसद में छात्र लोकतांत्रिक मूल्यों एवं संसदीय कार्यप्रणाली का सजीव प्रदर्शन करेंगे।स्कूल चेयरमैन प्रतीक राज सिंह ने कहा कि “संविधान के मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हमारा दायित्व है। इस तरह के आयोजन छात्रों में जागरूकता और जिम्मेदारी दोनों का बोध कराते हैं।”एमएमडी पब्लिक स्कूल की इस पहल की लोगों ने सराहना की और इसे समाज में संवैधानिक चेतना एवं शैक्षणिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।इस मौके पर विद्यालय के समस्त शिक्षक शिक्षिकाएं एवं सीनियर बच्चों ने पूरे जोश के साथ प्रतिभाग किया।

