आमने-सामने की टक्कर ने छीनी एक जिंदगी, बिल्थरारोड-नगरा मार्ग पर मातम




बिल्थरारोड (बलिया):
शनिवार को बेल्थरारोड-नगरा मार्ग पर तिरनई के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
50 मीटर दूरी में ही उजड़ गया
तिरनई गांव निवासी आदर्श (24) अपने साथी रजनीकांत के साथ आटा पिसाने जा रहे थे। गांव से महज 500 मीटर आगे बढ़े ही थे कि सामने से आ रही बाइक से सीधी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर देवरिया का अब्दुल्लाह (22) सवार था, जो बलिया अपने दोस्त से मिलने जा रहा था।
अस्पताल पहुंचते ही मौत की खबर
ग्रामीणों की मदद से घायलों को सीयर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने आदर्श को मृत घोषित कर दिया। रजनीकांत और अब्दुल्लाह का इलाज जारी है, अब्दुल्लाह की आंख में गंभीर चोट बताई जा रही है।
परिवार की रीढ़ था आदर्श
मृतक आदर्श नगरा में विद्युत विभाग में संविदा पर मीटर रीडर के रूप में कार्यरत था। छह भाई-बहनों में तीसरे नंबर का आदर्श परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभाल रहा था। बहन की शादी की तैयारियों के बीच आई इस खबर ने घर में कोहराम मचा दिया।
अस्पताल में तनाव, पुलिस ने संभाली स्थिति
हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों की भीड़ जुट गई। इसी दौरान दूसरे पक्ष का एक युवक पहुंचा, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना पर पहुंची सीयर चौकी पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी।
