बारात में डीजे की फरमाइश बनी बवाल की वजह: स्कॉर्पियो की टक्कर से 5 गंभीर घायल, बस के शीशे तोड़े गए
बेल्थरा रोड (बलिया): शुक्रवार की रात एक खुशियों भरी शादी की बारात अचानक हिंसा के साए में तब्दील हो गई, जब डीजे पर गाने की फरमाइश को लेकर आज़मगढ़ और गाज़ीपुर के बारातियों के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई। मामला ग्राम सभा बिठुआ के नोनिया पूरा का है, जहां चौहान बिरादरी की बारात आजमगढ़ और गाजीपुर जिलों से बेल्थरा रोड के एक गांव में पहुंची थी।
रात के समय जैसे ही बारात द्वारचार स्थल पर पहुंची, डीजे पर गानों की फरमाइश को लेकर दोनों जिलों के लोगों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बहस ने तूल पकड़ लिया और मामला मारपीट तक पहुंच गया। झगड़े के दौरान कुछ बाराती जो प्राइवेट बस से आए थे, उन्होंने बस में जाकर शरण ली। लेकिन गुस्से में कुछ लोगों ने बस के शीशे तोड़ डाले। यह घटना बेल्थरा रोड बस्टेशन स्थित शिव मंदिर के सामने सड़क पर हुई, जहां टूटे शीशे बिखरे हुए देखे गए।
स्थिति उस वक्त और भयावह हो गई जब एक स्कॉर्पियो चालक ने गुस्से में आकर बस में चढ़ रहे लोगों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। इस भयावह घटना में 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायलों की पहचान इस प्रकार की गई है:
- सिकंदर चौहान (18), बिजली चौहान
- जोगेश चौहान (26), सत्यनारायण
- राजेश चौहान (25), दिला चौहान
- हरिश्चंद्र चौहान (25), हरिन्द्र चौहान
- आदित्य चौहान (15), राजेश
(सभी निवासी ताड़ों, मेहनगर, आजमगढ़)
स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया और जांच शुरू कर दी है।

