बिल्थरारोड के होनहार ने निकाला NEET की परीक्षा

बिल्थरारोड के वार्ड नंबर 4, शास्त्री नगर निवासी आर्यन जायसवाल के नीट की परीक्षा में सफलता हासिल कर अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मूलतः एक मध्यम वर्गीय परिवार के छात्र की इस सफलता को लेकर उसे बधाई देने वालों का सिलसिला जारी है। व्यापारी नेता व जायसवाल समाज के संरक्षक प्रशांत कुमार मंटू ने भी उक्त छात्र को बधाई देते हुए उसके उज्जवल भविष्य की कामना की है। बिल्थरारोड नगर पंचायत के वार्ड नंबर 4 की सभासद गीता देवी के पुत्र आर्यन जायसवाल ने नीट परीक्षा में 610 अंक लाकर ओबीसी श्रेणी में 6970 वां रैंक हासिल किया है। आर्यन के पिता पूर्व सभासद अजय जायसवाल गुड्डू एक मेडिकल स्टोर का संचालन कर अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं। उनके तीन पुत्र शिवम्, मनीष व आर्यन हैं। चूकि घर का व्यवसाय मेडिकल स्टोर के रूप में होने के चलते आर्यन का सपना एक डाक्टर बनना रहा। उसने अपने बनाए हुए लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए शुरू से ही पढ़ाई पर विशेष ध्यान दिया। उसने ज्ञान कुंज विद्यालय से 2018 में हाईस्कूल 92 फीसदी व इंटरमीडिएट 2020 में 95.8 फीसदी अंक से पास किया। इस दौरान कोविड काल के चलते उसने पिपरौली बड़ागांव स्थित इस्तियाक मेमोरियल विद्यालय से बी फार्मा भी पूरा कर लिया। कोविड का दौर समाप्त होने पर उसने वाराणसी में एक कोचिंग सेंटर से नीट की तैयारी शुरू की। आर्यन ने बताया कि वह तीन घंटे कोचिंग के लिए कार्य पूरा करने के बाद 5 से 6 घंटा सेल्फ तैयारी करता था। उसने अपनी सफलता के पीछे माता पिता व गुरुजनों का हाथ बताया। आर्यन ने छात्रों को संदेश देते हुए कहा कि कोई ऐसा लक्ष्य नहीं है जिसे प्राप्त नहीं किया जा सकता। कहा कि कोई लक्ष्य इतना हार्ड नहीं होता, यदि आप मन से चाहे तो कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता हैं।
