करीमगंज के पास नई सड़क पर हादसा, युवक की हालत नाजुक!
बिल्थरारोड। उभांव थाना क्षेत्र के करीमगंज गांव के सामने सलेमपुर सांसद रमाशंकर राजभर के कार्यालय के समीप शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नई बन रही सड़क पर पुलिया का निर्माण अधूरा होने के कारण बाइक सवार 28 वर्षीय युवक की बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मऊ जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के दुबारी गांव निवासी रवि राजभर (28 वर्ष) पुत्र बबलू राजभर अपनी बाइक से सिकंदरपुर की ओर जा रहा था। करीमगंज गांव के सामने नई बन रही सड़क पर पुलिया अभी पूरी नहीं बनी थी, इसी दौरान बाइक उछल गई और रवि सड़क पर दूर जा गिरा।
हादसा होते देख मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए टेंपो से घायल रवि को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे रेफर कर दिया।
घटना के बाद रवि के मोबाइल पर आए एक कॉल के माध्यम से उसके गांव और परिजनों का संपर्क नंबर मिला, जिसके बाद परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई। बताया जा रहा है कि युवक नशे की हालत में भी था, जिससे हादसे की आशंका और बढ़ गई।
स्थानीय लोगों ने नई सड़क निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द अधूरी पुलिया को पूरा कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
