नगर पंचायत बिल्थरा रोड अतिक्रमण के खिलाफ चलाया अभियान व्यापारी हुए उग्र !

बिल्थरारोड /स्थानीय नगर के मुख्य मार्ग रेलवे स्टेशन चौराहा से चौधरी चरण सिंह तिराहे तक सड़क की दोनों पटरियों पर हुए अतिक्रमण के विरुद्ध सोमवार को एसडीएम की अगुवाई में नगर पंचायत प्रशासन द्वारा अभियान चलाया गया। अभियान के पूर्व ही अतिक्रमणकारियों ने अपना अतिक्रमण हटा लिया था। उधर व्यापारियों ने अतिक्रमण हटाने का विरोध करते हुए नपं पर भेदभाव का आरोप लगाया। एसडीएम ने व्यापारियों को भेदभाव नहीं किए जाने का भरोसा दिलाते हुए पटरियों को खाली रखने का निर्देश दिया। चेतावनी दी कि अगर कोई दुकानदार पटरी पर अतिक्रमण करता है तो उसके विरुद्ध जुर्माना काटा जाएगा।
नगर पंचायत प्रशासन द्वारा अपनी पूर्व सूचना के अनुसार सोमवार को उपजिलाधिकारी राजेश गुप्ता की अगुवाई में नगर के रेलवे चौराहे से लेकर चौधरी चरण सिंह तिराहे तक का अतिक्रमण ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की। इस कार्रवाई की शुरुआत चौधरी चरण सिंह तिराहा से हुई। उपजिलाधिकारी पुलिस बल व नगरपंचायतकर्मियों के साथ तिराहे पर स्थित नंदिनी स्वीट हाउस के टीन के छज्जे हटाने से हुई। अतिक्रमणकारियों के खिलाफ इस अभियान में शामिल बुलडोजर को देख लोग खुद ही अपने दुकान के आगे लगा टीन शेड व एंगल हटाने लगे। नगर पंचायत की अतिक्रमण हटाओ अभियान से दुकानदारों में काफी आक्रोश रहा। आखिर जब उपजिलाधिकारी यूनाइटेड क्लब मुहल्ले में पहुंचे तो वहां भारी संख्या में उपस्थित दुकानदारों ने उन्हें घेर लिया तथा नगर पंचायत प्रशासन पर अतिक्रमण के विरुद्ध दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। पूर्व नपं अध्यक्ष अशोक मधुर ने ईओ ब्रजेश कुमार गुप्ता पर सीधे भेदभाव का आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी से इसकी शिकायत की। कहा कि पिछली मर्तबा भी इनके द्वारा मुझे ज जानबूझकर प्रताड़ित किया गया। व्यापारी नेता दुर्गा प्रसाद मधु ने भी नपं प्रशासन पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए गलियों व अन्य दुकानों का मुआयना कराया। उपजिलाधिकारी ने साफ शब्दों में कहा कि अतिक्रमण अभियान में किसी के साथ कोई पूर्वाग्रह से कार्रवाई नहीं की जाएगी। कहा कि आगे नगर की पटरियों पर अतिक्रमण न हो। चेतावनी दी कि यदि कोई ऐसा करता है तो उसपर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
