डेरे पर सोये 50 वर्षीय अधेड़ की धारदार हथियार से हत्या

बिल्थरारोड। उभांव थाना क्षेत्र के फरसाटार गांव में शुक्रवार की रात्रि सड़क के किनारे अपने डेरे पर सोए हुए एक 50 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या होने से क्षेत्र में दहशत व्याप्त है। शनिवार को भोर में जब उसकी पत्नी उसे उठाने डेरे पर पहुंची तो उसे मृत देख दहाड़े मार कर रोने लगी। चीख पुकार सुनकर लोगों को उसकी हत्या की जानकारी मिली। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस घटना की छानबीन में जुटी गई। हत्या कब और कैसे हुई यह फिलहाल रहस्य बना हुआ है। इस सम्बंध में उभांव इंस्पेक्टर अविनाश कुमार सिंह ने कहा कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। इस घटना के सम्बन्ध में बताया जाता है कि फरसाटार निवासी भागीरथी 50 वर्ष पुत्र स्व रामबृक्ष शुक्रवार को खाना खाने के बाद अपने घर से थोड़ी दूर अपने डेरे पर नगरा – चौकिया मार्ग पर शुक्रवार की रात चारपाई पर सोए हुए थे। शनिवार की भोर में लगभग 4 बजे भागीरथी की पत्नी धनवती उन्हें जगाने डेरे पर पहुंची तो देखा कि उसके पति चारपाई पर मृत पड़े हुए थे। यह देखकर उसके होश उड़ गए तथा वह चीखने चिल्लाने लगी। उसकी चीख पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण इकट्ठे हो गए। इस दौरान उसका सिर चारपाई के पायदान की तरफ था तथा गर्दन , बायां कंधा व कमर से ऊपर काला स्पाट व हल्का खून लगा हुआ था। लोगों को आश्चर्य इस बात का रहा कि मृतक के आसपास भी लोग अपने डेरे पर सोए हुए थे परंतु उनको इसकी भनक भी नहीं लगी। लोगों का मानना था कि हत्यारों द्वारा उक्त व्यक्ति की हत्या कहीं और करके उसका शव चारपाई पर लाकर रख दिया गया है। उभांव इंस्पेक्टर अविनाश कुमार सिंह ने कहा कि यह फिलहाल जांच का विषय है। कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।मृतक के दो पुत्र व तीन पुत्रियां हैं, जिसमें एक पुत्री की शादी हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *