पोखरे में डूबने से 11 वर्षीय रितेश की मौत, गांव में पसरा मातम
बलिया। भीमपुरा थाना क्षेत्र के सपही गांव में मंगलवार की दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया, जहां पोखरे में नहाने गया 11 वर्षीय बालक रितेश चौहान की डूबने से मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि रितेश पुत्र राजेश चौहान कुछ साथियों के साथ गांव के तालाब में नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ नहा रहे बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद रितेश को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
रितेश गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा पाँचवीं का छात्र था। मासूम की मौत से पूरे गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
