अस्पताल संचालक के पुत्र पर बदमाशों ने फायर झोंक सोने की चैन, मोबाइल व बाइक की चाभी लेकर हुए फरार

बिल्थरारोड। उभांव थाना क्षेत्र के मिश्रौली मार्ग पर सोमवार की रात बाइक सवार चार लुटेरों ने एक अस्पताल संचालक के पुत्र को तमंचे से फायर झोंक कर घायल कर दिया । और घायल युवक का छ: तोले का सोने का चेन व मोबाइल छीन कर फरार हो गए। और उसके बाइक की चाबी भी लेते गए। इस दौरान लुटेरों ने पीछा किए जाने पर दो तीन बार फायर भी झोंका। सूचना पर घटना स्थल पहुंची पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।उभांव थाना क्षेत्र के मिश्रौली मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल के संचालक विजय शंकर यादव का पुत्र दीपक यादव सोमवार की रात लगभग 9 बजे अपने पिता को खाना देकर बाइक से वापस अपने घर मिश्रौली जा रहा था। अभी वह लखरानी स्कूल से आगे गया ही था कि एक बाइक पर सवार चार लुटेरों ने उसे ओवरटेक कर उसकी बाइक रोक दी। लुटेरों ने युवक को असलहा दिखा कर उसके गले से छ: तोले की सोने की चेन वह मोबाइल छीन लिया। जाते समय लुटेरों ने युवक के पीछे से फायर झोंक दिया जो युवक के सिर के पीछे लगा तथा वहां से खून निकलने लगा। उन्होंने उसकी बाइक की चाबी भी ले ली ताकि वह उनका पीछा न कर सके। उधर लुटेरों के आगे जाते ही एक बाइक सवार युवक वहां से गुजर रहा था। घायल युवक उसकी सहायता से लुटेरों का काफी दूर तक पीछा किया। युवक को पीछा करते देख उन्होंने दो जगह फायरिंग भी की तथा भागने में कामयाब हो गए। पीड़ित द्वारा सूचना देने के बाद निजी अस्पताल पहुंचे दो सिपाहियों ने उससे घटना की जानकारी ली। बाद में देर रात को पीड़ित उभांव थाना पहुंच कर अपनी आपबीती पुलिस को बताया। इस दौरान सीओ रसड़ा शिवनारायण वैस भी थाना पहुंच गए थे। फिलहाल मंगलवार की सुबह तक लुटेरों का कुछ सुराग नहीं मिल सका था।
