बोलेरो-मोटरसाइकिल टक्कर में तीन युवक घायल, PRV टीम की तत्परता से आरोपी पकड़ा गया !


बिल्थरारोड /उभांव: थाना उभांव क्षेत्र अंतर्गत फरसाटार पेट्रोल पंप के समीप बेल्थरा रोड पर शुक्रवार को एक बोलेरो वाहन ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ड्यूटी पर तैनात PRV 2429 की टीम ने सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए वाहन का पीछा कर कुछ ही दूरी पर आरोपी को बोलेरो समेत दबोच लिया। PRV चालक चंद्र प्रताप विसेन और कांस्टेबल संतोष कुमार की इस तत्परता की चारों ओर सराहना की जा रही है। दोनों ने न केवल आरोपी को पकड़कर मौके से भागने से रोका बल्कि बोलेरो को कब्जे में लेकर उभांव थाने तक भी पहुंचाया घायलों की पहचान प्रिंस (19 वर्ष) पुत्र रविंद्र कुमार, कन्हैया कुमार (17 वर्ष) पुत्र श्री प्रसाद और सूरज कुमार (21 वर्ष) पुत्र वीरेंद्र प्रसाद के रूप में हुई है। तीनों युवक तीरनई खिजीरपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एक निजी वाहन द्वारा सीएचसी सीयर पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, प्रिंस के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि कन्हैया के दाहिने पैर में गंभीर फ्रैक्चर पाया गया, जिसे तत्काल रेफर कर दिया गया। सूरज को मामूली चोटें आई हैं फिलहाल उभांव पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। खबर लिखे जाने तक किसी भी घायल युवक या उनके परिजनों द्वारा थाने में तहरीर नहीं दी गई है। PRV 2429 की तत्परता और साहसिक कार्रवाई निश्चित ही पुलिस की कार्यकुशलता का बेहतरीन उदाहरण है, जिसकी जितनी तारीफ की जाए, कम है।
