उभांव पुलिस ने एक बगीचे में खूंटे से बेरहमी से बंधे सात गोवंश समेत दो पशु तस्करों को धर दबोचा।

बिल्थरारोड। उभांव पुलिस ने तेंदुआ पाही गांव के समीप शनिवार को एक बगीचे में खूंटे से बेरहमी से बंधे सात गोवंश को मुक्त कराते हुए दो पशु तस्करों को धर दबोचा। पुलिस ने गोवंश को बरामद करने के साथ ही दोनों पशु तस्करों के खिलाफ गोवध निवारण व पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज कर न्यायालय रवाना कर दिया। पशु तस्करों की पहचान नसीम नट उर्फ पुतुल पुत्र बुच्चा नट व गोलू नट पुत्र दीपू नट निवासी सुवाह थाना मधुबन जिला मऊ के रूप में हुई। इंस्पेक्टर उभांव विपिन सिंह ने बताया कि तेंदुआ पाही ग्राम के पास एक बगीचे में गोवंश को खूंटे से बांध कर रखे जाने की सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर छापा मारा तथा सात गोवंश बरामद करने के साथ ही दो पशु तस्करों को पकड़ लिया। पशु तस्कर किसी वाहन से पशुओं को वध के लिए कहीं ले जाने की फिराक में थे कि इस बीच पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने बरामद गोवंश को देखभाल के लिए गौशाला को सुपुर्द कर दिया।
