बलिया: सगाई से पहले प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत, वीडियो कॉल पर जहर खाकर प्रेमिका ने तोड़ा दम
बलिया जिले के रसड़ा क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रेमी युगल ने वीडियो कॉल पर बात करते हुए एक साथ जहर खा लिया। यह कदम उन्होंने तब उठाया जब लड़की की सगाई की तारीख तय हो चुकी थी। इस हादसे में युवती की मौत हो गई, जबकि युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
सूत्रों के अनुसार, रसड़ा नगर क्षेत्र के वार्ड नंबर 15 निवासी 20 वर्षीय युवती और रसड़ा के ही 21 वर्षीय युवक के बीच प्रेम संबंध थे। दोनों अलग-अलग जातियों से ताल्लुक रखते थे, जिस कारण परिवार वालों ने उनके रिश्ते को स्वीकार नहीं किया। इसी बीच लड़की की शादी किसी और से तय हो गई थी, और उसकी सगाई 22 मई को होनी थी।
बताया जा रहा है कि सोमवार की रात दोनों ने वीडियो कॉल पर आखिरी बार बात करते हुए जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसड़ा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
रसड़ा कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है।
