सीएचसी सीयर में विकास कार्यों का ब्लॉक प्रमुख ने लिया जायज़ा, बरसात से पहले जलजमाव की समस्या होगी दूर


बलिया (सीयर)। सीयर ब्लॉक प्रमुख आलोक कुमार सिंह ने क्षेत्र पंचायत निधि से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सीयर में कराए जा रहे विकास कार्यों का शनिवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ पंचायत प्रतिनिधि एवं सहयोगी भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के पश्चात मीडिया से बातचीत करते हुए श्री सिंह ने बताया कि आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए सीएचसी परिसर में जलजमाव से बचाव के लिए इंटरलॉकिंग का कार्य कराया जा रहा है, जिससे मरीजों और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि यह कार्य तेजी से चल रहा है और शीघ्र ही इसे पूर्ण कर लिया जाएगा।

ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि अपने चार वर्षों के कार्यकाल में उन्होंने प्राथमिकता के आधार पर उन सार्वजनिक स्थलों पर विकास कार्यों को गति दी है, जहां आम लोगों की नियमित आवाजाही होती है — जैसे अस्पताल, विद्यालय, पंचायत भवन आदि।

गौरतलब है कि श्री सिंह के कार्यकाल में सीएचसी सीयर में पहले भी कई सराहनीय पहलें की जा चुकी हैं। उन्होंने अस्पताल परिसर में सोलर लाइट की व्यवस्था करवाई, पिंक शौचालय का निर्माण कराया, और स्वास्थ्यकर्मियों व मरीजों के लिए प्रेरणा कैंटीन की शुरुआत भी करवाई।

स्थानीय जनता के बीच ब्लॉक प्रमुख की सक्रियता और कार्यों को लेकर सकारात्मक चर्चा है। विकास के इन प्रयासों से न केवल आधारभूत सुविधाओं में सुधार हो रहा है, बल्कि आम लोगों में शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास भी बढ़ा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *