मुंबई में इलाज के दौरान बिल्थरा रोड के सन्नी राजभर की मौत, घर में मचा कोहराम
बलिया। नगर पंचायत बिल्थरा रोड के वार्ड नंबर 5 भरटोला गली से गए युवक सन्नी राजभर (पुत्र स्व. लल्लन राजभर) की मुंबई में इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सन्नी अपने जीवन यापन के लिए मजदूरी कार्य हेतु मुंबई गया हुआ था, जहां किसी गंभीर बीमारी से ग्रसित होने के बाद उसका इलाज चल रहा था। सोमवार की सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
तीन भाइयों में सबसे छोटा सन्नी राजभर अविवाहित था। वह पहले बिल्थरा रोड में ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था, लेकिन कुछ दिनों पहले रोजगार के सिलसिले में मुंबई चला गया था। दो बड़े भाइयों और एक विवाहित बहन के परिवार में अब सन्नी की मौत से मातम पसरा हुआ है।
मृतक की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, मुंबई से एंबुलेंस के माध्यम से सन्नी का शव गांव लाया जा रहा है, जिसके आने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।
स्थान — नगर पंचायत बिल्थरा रोड, वार्ड नंबर 5 भरटोला गली, जनपद बलिया

