वाराणसी में दारोगा का शव कमरे में मिला, इटावा में सिपाही ने अपने सीने में दागीं गोलियां

वाराणसी और इटावा में पुलिस वालों को परेशान करने वाली दो घटनाएं हुई हैं। वाराणसी में दारोगा का शव उसके ही कमरे से बरामद किया गया है। उधर इटावा में एक सिपाही ने अपने सीने से इंसास राइफल सटाकर गोलियां चला लीं। मौके पर ही उसकी मौत हो गई है। पुलिस दोनों मामलों की पड़ताल में जुटी है। वाराणसी में चोलापुर थाने में तैनात दरोगा जैस्वारा विजय कुमार (42) की लाश मंगलवार को उनके कमरे में तख्त के नीचे मिली। थाना प्रभारी के पहुंचने पर इसकी जानकारी हुई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गोरखपुर के गोलाबाजार के बाड़ी तरया में परिजनों को सूचना दे दी गई है। आशंका है कि हृदयगति रुकने से मौत हुई है। सोमवार देर रात ड्यूटी कर परिसर स्थित अपने कमरे में चले गए और सुबह देर तक कमरे से बाहर नहीं निकले तो साथियों ने मोबाइल पर फोन किया। फोन रिसीव नही होने पर प्रभारी निरीक्षक को जानकारी दी गयी। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह कमरे के पास पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज लगाने पर कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया। कमरे में ही जमीन पर औंधे मुंह दारोगा गिरे मिले।वहीं इटावा में ताखा तहसील में ड्यूटी पर तैनात एटा के सिपाही प्रेम प्रकाश ने इंसास रायफल सीने में सटाकर गोली दाग ली। उसने पहले दोनों हाथों की नसें भी काट ली थीं। सरकारी क्वार्टर से मंगलवार सुबह पांच बजे गोली चलने की आवाज आई तो तहसील परिसर में अफरातफरी मच गई।नगला केवल एटा के रहने वाले प्रेम प्रकाश (40) को पुलिस लाइन से ड्यूटी पर ताखा तहसील भेजा गया था। तहसील परिसर में ही वह तीसरी मंजिल स्थित सरकारी क्वार्टर में रहता था। सुबह पांच बजे अचानक उसके कमरे से गोली चलने की आवाज आई। पास रहने वाले साथी सिपाही शफीक अहमद भागकर उसके कमरे में पहुंचे तो देखा कि प्रेमप्रकाश लहुलुहान पड़ा था। शफीक ने इसकी जानकारी तुरंत उच्चाधिकारियों को दी। कुछ ही देर में एसएसपी जय प्रकाश सिंह व अन्य अधिकारी वहां पहुंच गए। अफसरों को मौके पर प्रेम प्रकाश की सरकारी राइफल पड़ी मिली। उसके दोनों हाथों की नसें कटी हुई थीं। आनन फानन में प्रेम प्रकाश को सैफई अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। साथियों ने बताया कि कुछ दिनों से वह परेशान था। घटना की जानकारी पर परिवार के लोग रोते बिलखते इटावा पहुंचे। पुलिस के पूछने पर परिवार के लोग भी खुदकुशी का कारण नहीं बता पाये। पुलिस छानबीन में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *