हल्दीरामपुर स्थित नगर पंचायत के कूड़ा निस्तारण केन्द्र को फूंकने के मामले में उभांव पुलिस ने तहरीर के 23 दिन बाद किया मुकदमा दर्ज

बिल्थरारोड। उभांव थाना के हल्दीरामपुर गांव स्थित नगरपंचायत के एमआरएफ सेंटर (कूड़ा निस्तारण केंद्र) को फूंकने की घटना के 23 दिन बाद शनिवार को पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने यह कार्रवाई उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद नगरपंचायत के सफाई नायक मनोज कुमार के लिखित तहरीर पर किया है।मामले में गांव के पूर्व प्रधान राजाराम राजभर, रामाश्रय राजभर, बिंदु देवी, रणजीत समेत पांच नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ सरकारी कर्मचारी से मारपीट करने और एमआरएफ सेंटर जलाने को लेकर गंभीर आपराधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। नगरपंचायत प्रशासन ने कार्रवाई को सही ठहराया है लेकिन विलंब से हुए मुकदमा पर अफसोस जताया। घटना 31 मई की है लेकिन ईओ और नप चेयरमैन के गैर जनपद में होने के कारण मामले में आठ दिन बाद ही पुलिस को तहरीर दिया गया था लेकिन पुलिस मामले की जांच में लगभग 24 दिन तक उलझी रही।नगरपंचायत चेयरमैन रेनू गुप्ता ने बताया कि नगरपंचायत की संपत्ति को कुछ लोगो द्वारा दबंगई के बल पर क्षति पहुंचाया गया है। एमआरएफ सेंटर में मौजूद लाखों के कूड़े धूं धूंकर जल गए है। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। सफाई नायक मनोज कुमार ने बताया कि घटना विगत 31 मई की है। दबंगों द्वारा एमआरएफ सेंटर में कूड़ा डालने का पहले विरोध किया गया और फिर एमआरएफ सेंटर को जला दिया गया।

