सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर से उचक्कागिरी ! महिला मरीज से नगदी समेत मंगलसूत्र उड़ाये

पीड़ित

सीएचसी सीयर में इलाज कराने पहुंची एक महिला का पर्स उचक्कों ने उड़ा दिया। शिकायत के लिए सीयर पुलिस चौकी पहुंची महिला को पुलिस ने तहरीर लिखकर लाने के लिए भेज दिया। चोरी की इस घटना की जानकारी के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंच सकी थी।

पीड़िता ने इस सम्बन्ध में बताया कि वह उभांव थाना क्षेत्र के पतनारी बांध गांव की रहने वाली है। उसने अपना नाम इंदु बताते हुए कहा कि वह शनिवार को अपने इलाज के लिए महिला चिकित्सक को दिखाने आई हुई थी। नम्बर आने पर उक्त महिला अपनी बच्ची को बाहर लगी कुर्सी पर बैठाकर अंदर चिकित्सक को दिखाने चली गई। चिकित्सक को दिखाने के दौरान किसी महिला ने उसकी बच्ची को नीचे उतार दिया। जब उसे यह मालूम हुआ तो वह बाहर निकल गई तथा इस दौरान बच्ची को कुर्सी से हटाने को लेकर कहा सुनी हो गई। बाद में जब वह महिला बाहर निकल कर मेडिकल स्टोर पर पहुंची तथा दवा का पैसा निकालने के लिए अपना बड़ा पर्स खोला तो यह देखकर हैरान रह गई कि उसमें मंगलसूत्र व 2100 रुपया रखा छोटा पर्स गायब था। चोरी की घटना की जानकारी के बाद वह शिकायत के लिए सीयर पुलिस चौकी पहुंची जहाँ तहरीर लिखकर लाने के नाम पर पुलिस ने उसे वापस भेज दिया। इस दौरान एक महिला के साथ भी चोरी की घटना प्रकाश में आई पर अस्पताल पहुंचने पर उक्त महिला कहीं नजर नहीं आई।

सीएचसी सीयर में अराजक तत्वों की भरमार हो गई है। चिकित्सालय में मरीजों के लिए कोई नियम कानून नजर नहीं आता है। चिकित्सक कक्ष से लेकर गलियारों तक मरीजों की भीड़ लगी रहती है। अस्पताल से कुछ ही फर्लांग दूर सीयर पुलिस चौकी भी स्थापित है। पर सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर अस्पताल में एक होमगार्ड भी नजर नहीं आता है। ऐसी स्थिति में अराजक तत्वों की चांदी रहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *