पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा बिल्थरारोड के मशहूर टायर विक्रेता की पत्नी की मौत!
बलिया। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार दोपहर हुए एक दर्दनाक हादसे में बिल्थरारोड निवासी उर्मिला सिंह (60) की मौत हो गई। वह नगर के मशहूर टायर विक्रेता अशोक सिंह की पत्नी थीं। इस घटना से पूरे बिल्थरारोड क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना दोपहर लगभग 2:30 बजे पोल संख्या 204 के पास हुई। बताया जा रहा है कि उर्मिला सिंह अपने परिजनों के साथ निजी गाड़ी से लखनऊ जा रही थीं। इसी दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार में सवार अन्य तीन लोग—उनके पुत्र मानवेंद्र प्रताप सिंह (33), प्रमोद चौरसिया (35) और एक अन्य व्यक्ति—सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
दुर्घटना की खबर मिलते ही बिल्थरारोड स्थित उनके पैतृक आवास वार्ड नंबर 05 पर सैकड़ों लोग जुट गए और परिजनों को ढांढस बंधाया। नगर के लोग अशोक सिंह, उनके भाई धीरेंद्र बहादुर सिंह और पूरे परिवार के साथ संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
परिवारजन लखनऊ के लिए रवाना हो चुके हैं। पोस्टमार्टम की कार्यवाही पूरी होने के बाद शव को घर लाया जाएगा।
इस हादसे ने एक बार फिर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सड़क सुरक्षा और हादसों के बढ़ते मामलों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
