दो दशक पूर्व बलिया के चर्चित खाद्यान्न घोटाले में पूर्व ब्लाक प्रमुख सीयर गिरफ्तार !

बिल्थरारोड /करीब दो दशक पूर्व बलिया के चर्चित खाद्यान घोटाले की जांच कर रही वाराणसी आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) की टीम ने गुरुवार की रात बेल्थरारोड से पूर्व ब्लाक प्रमुख भीम प्रसाद को पकड़ लिया और गिरफ्तार कर वाराणसी ले गई। जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्लू) वाराणसी से एके सिंह के साथ तीन अधिकारियों की टीम गुरुवार दोपहर में बिल्थरारोड पहुंची और सन 2000 से 2005 तक ब्लाक प्रमुख रहे भीम प्रसाद को उनके गांव से दबोच लिया। साथ ही क्षेत्र के चैनपुर मठिया निवासी कोटेदार विरेंद्र शर्मा को भी पूछताछ के लिए बुलाया। दोनों के साथ अधिकारियों की टीम उभांव थाना पहुंची। ईओडब्ल्यू वाराणसी के तीन अधिकारियों की टीम ने उभांव थाना पर बंद कमरे में काफी देर तक पूछताछ की। बाद में अधिकारियों ने मामले में दागी रहे कोटेदार को छोड़ दिया और पूर्व प्रमुख भीम प्रसाद को देर रात अपने साथ वाराणसी लेते गई। ईओडब्लू वाराणसी के अधिकारी एके सिंह ने सीयर पूर्व प्रमुख भीम प्रसाद के गिरफ्तारी की पुष्टि की।
बलिया जिले में संपूर्ण ग्रामीण रोजगार योजना के तहत खाद्यान वितरण में हुए करोड़ों के घोटाले में आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन जांच कर रही है। संपूर्ण ग्रामीण रोजगार योजना के तहत बलिया जनपद में वर्ष 2002 से 2005 के बीच श्रमिकों को काम के बदले नगद और अनाज देना था। इस दौरान बड़े पैमाने पर खाद्यान्न की कालाबाजारी की गई थी। मामले में वर्ष 2006 में बलिया जिले के विभिन्न थानों में करीब 50 से अधिक मुकदमे दर्ज हुए थे।
