हैण्डपम्प में करंट उतरने से महिला की मौत जबकि सासु गंभीर रूप से झुलसी

उभांव थाना क्षेत्र के शाहपुर अफगा ग्राम में मंगलवार को विद्युत स्पर्शाघात से विवाहिता की मौत हो गई। जबकि उसे बचाने आई सास गंभीर रूप से झुलस गई। बताया जाता है कि शाहपुर अफगा निवासिनी रिंकू देवी (35) पत्नी अजीत निषाद हैंडपंप के पास बर्तन मांज रही थी। इस दौरान टुल्लू पंप में प्रवाहित विद्युत करंट की चपेट में आ गई और चिल्लाने लगी। इस दौरान उसकी सास कलावती (70) पत्नी रामनारायण उसे बचाने आई तो वह भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। आनन-फानन में परिजनों ने गंभीर रूप से झुलसी महिलाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने रिंकू देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से झुलसी कलावती को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
