उभांव विवाहिता ने लगाई फांसी, गांव में सनसनी !
बिल्थरारोड उभांव थाना क्षेत्र के शेखपुर गांव में शनिवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक नवविवाहिता का शव फंदे से लटकता हुआ पाया गया। मृतका की पहचान सरिता (19) पत्नी अभिषेक राजभर के रूप में हुई है।
मूलरूप से महरौ, सिकन्दरपुर की रहने वाली सरिता की शादी इसी साल उभांव थाना क्षेत्र के शेखपुर के अभिषेक राजभर से हुई थी। बताया जा रहा है कि अभिषेक प्राइवेट नौकरी करता है और घर से बाहर रहता है। शुक्रवार की रात सरिता ने भोजन करने के बाद अपनी सास का पैर दबाया और फिर अपने कमरे में सोने चली गई।
शनिवार की सुबह जब वह कमरे से बाहर नहीं निकली तो परिवार वालों ने दरवाज़ा खटखटाया। खिड़की से झांककर देखा गया तो वह फंदे से लटकी हुई दिखाई दी। परिजनों ने तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची उभांव पुलिस ने शव को कमरे के अंदर ही सुरक्षित रखवाया है और फील्ड यूनिट का इंतज़ार कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि विवाहिता ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया।


