हरदिया मिशन के पास भीषण सड़क हादसा, दसवीं के छात्र आदित्य चौरसिया गंभीर रूप से घायल..

सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत देवकली की ओर से आ रही एक पिकअप वाहन और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में 16 वर्षीय आदित्य चौरसिया, पुत्र नागेंद्र चौरसिया, निवासी करसी, गंभीर रूप से घायल हो गए। आदित्य कक्षा दसवीं के छात्र बताए जा रहे हैं।
घटना सुबह करीब 7 बजे हरदिया मिशन के पास हुई, जब आदित्य किसी काम से देवकली की ओर जा रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आदित्य सड़क पर गिरकर बुरी तरह जख्मी हो गए।
हादसे के बाद पिकअप चालक ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए तुरंत एंबुलेंस की व्यवस्था कर घायल छात्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा, वहीं पिकअप चालक द्वारा दिखाई गई इंसानियत की लोगों ने सराहना की।
